फतहनगर - सनवाड

अति० जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने किया “ग्रामीण सेवा शिविर” का औचक निरीक्षण


आमजन को फ्लैगशिप योजनाओं से अधिक से अधिक लाभान्वित करने के दिए निर्देश; शिविर में मौके पर ही निपटाए गए कई मामले
फतहनगर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपखण्ड क्षेत्र मावली की हर ग्राम पंचायत में शुक्रवार से “ग्रामीण सेवा शिविर-2026” का आगाज हो गया है। अभियान के पहले दिन ग्राम पंचायत लदानी में आयोजित शिविर का अतिरिक्त जिला कलेक्टर उदयपुर श्री जितेंद्र ओझा एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विरमाराम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी-अपनी फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें ताकि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

शिविर की प्रमुख उपलब्धियां:

  • राजस्व मामलों का निस्तारण: शिविर के दौरान मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए 45 नामांतरण का निस्तारण किया गया। वहीं 04 प्रकरणों को आपसी सहमति से सुलझाया गया।
  • तकनीकी जागरूकता: शिविर में किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए 55 खातेदारों को गिरदावरी ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें से 32 खातेदारों के मोबाइल में मौके पर ही गिरदावरी ऐप डाउनलोड करवाई गई।
  • पशुपालक लाभान्वित: पशुपालन विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शिविर में पहुंचे 83 पशुपालकों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
    इस दौरान उपखण्ड अधिकारी रमेश सीरवी पुनाड़िया, तहसीलदार मावली दिनेश कुमार यादव, विकास अधिकारी शैलेंद्र पी. खींची सहित समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनके आवेदनों का निस्तारण करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *