फतहनगर - सनवाड

अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष बने सुरेंद्र सिंह राव


मावली के शिक्षाविद को मिला नया दायित्व, क्षेत्र में हर्ष की लहर

फतहनगर। शिक्षा एवं साहित्य जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में मावली के वरिष्ठ शिक्षाविद, सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक शिक्षा विभाग एवं साहित्यकार सुरेंद्र सिंह राव को अखिल भारतीय साहित्य परिषद का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। परिषद के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक संगठनों में हर्ष व्यक्त किया गया है।

सुरेंद्र सिंह राव लंबे समय से शिक्षा, साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। शिक्षा विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं देने के दौरान उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता, नवाचार और संस्कारमूलक शिक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे साहित्यिक गतिविधियों, लेखन, चिंतन तथा सांस्कृतिक आयोजनों से निरंतर जुड़े हुए हैं।

अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में राव अब राजस्थान में परिषद की साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं वैचारिक गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे। उनकी नियुक्ति से प्रदेशभर के साहित्यकारों को एक सशक्त एवं अनुभवी नेतृत्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। परिषद के माध्यम से साहित्य सृजन, युवा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन, भारतीय संस्कृति के संवर्धन तथा साहित्यिक आयोजनों को नई दिशा मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

राव की नियुक्ति की सूचना मिलते ही फतहनगर, मावली एवं उदयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के साहित्यकारों, शिक्षकों, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। वक्ताओं ने कहा कि उनका विशाल प्रशासनिक अनुभव, साहित्य के प्रति समर्पण और संगठनात्मक क्षमता परिषद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।

इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह राव ने कहा कि वे परिषद की गरिमामयी परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रचेतना के प्रसार के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे तथा प्रदेश के साहित्यकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास करेंगे। उनकी नियुक्ति को मावली क्षेत्र के लिए भी सम्मान और गौरव का विषय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *