फतहनगर (विकास चावड़ा)। नगर पालिका फतहनगर-सनवाड़ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव-2026 का रविवार को धूमधाम के साथ आगाज हुआ। राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय, फतहनगर के प्रांगण में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष ममता चपलोत एवं उपाध्यक्ष श्रेया गर्ग ने अन्य जनप्रतिनिधियों और नगर के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में फीता काटकर किया। महोत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक एवं लाफ्टर नाइट का आयोजन हुआ, जिसमें हास्य कलाकारों, गायकों और नृत्य दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में कॉमेडियन किकू शारदा मुख्य आकर्षण रहे। ‘द कपिल शर्मा शो’ से लोकप्रियता हासिल करने वाले किकू शारदा ने अपने हास्य अंदाज और मनोरंजक प्रस्तुतियों से दर्शकों को गुदगुदाया। वहीं, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बावरी के किरदार से पहचान बनाने वाली मोनिका भदौरिया की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन के दौरान कलाकारों का नगर पालिका प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक संध्या में जश खन्ना, अशोक गर्गव, दिव्यांश वर्मा, मुस्कान पांडे और विक्रम कनोरिया सहित अन्य कलाकारों ने गायन एवं संगीत की प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही कोलकाता के क्रेजी हॉपर ग्रुप ने आकर्षक नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जबकि भोपाल के आरबीएम डांस ग्रुप ने अपनी प्रस्तुतियों से मंच पर रंग जमाया। महावीर ग्रुप झांकी, बिलासपुर छत्तीसगढ़ की ओर से भी विशेष प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने अलग-अलग विधाओं के माध्यम से सांस्कृतिक संध्या को विविधतापूर्ण बनाने का प्रयास किया।

देर रात तक चला कार्यक्रम, दर्शकों की भीड़ अपेक्षाकृत कम
महोत्सव का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ और शुरुआती दौर में कार्यक्रम ने अच्छी गति पकड़ी। हालांकि, बाद के चरणों में आयोजन दर्शकों पर अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाया। कार्यक्रम स्थल पर लोगों का आना-जाना जारी रहा, लेकिन दर्शकों की भीड़ अपेक्षाकृत कम नजर आई। विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों के बावजूद कार्यक्रम में बड़े जनसमूह की मौजूदगी का अभाव दिखाई दिया। सांस्कृतिक संध्या देर रात तक जारी रही, जिसमें कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर मनोरंजन का प्रयास किया।
तीन दिन तक चलेगा दशहरा महोत्सव
नगर पालिका की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव के तहत 18 से 20 अक्टूबर तक धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की शृंखला रखी गई है। पहले दिन सांस्कृतिक एवं लाफ्टर नाइट के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। आगामी कार्यक्रमों में भी विभिन्न कलाकारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नगरवासियों के मनोरंजन की योजना है।
आयोजन में नगर पालिका अध्यक्ष ममता चपलोत, उपाध्यक्ष श्रेया गर्ग तथा अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल सहित पालिका प्रशासन की भूमिका रही। दशहरा महोत्सव नगर में उत्सवी माहौल बनाने और नागरिकों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
प्रिंट मीडिया की नजर में फतहनगर का दशहरा महोत्सव

यूथ की आवाज, उदयपुर में प्रकाशित विकास चावड़ा की रिपोर्ट

दैनिक पुकार, उदयपुर में विकास चावड़ा की रिपोर्ट


Leave a Reply