फतहनगर - सनवाड

फतहनगर में आज दशहरा महोत्सव की धूम, आवरी माताजी के नाम होगी विशाल भजन संध्या

हेमंत ब्रजवासी, नितिन बागवान सहित प्रसिद्ध भजन गायक देंगे प्रस्तुतियां, राम रसोई का भी होगा आयोजन

फतहनगर (विकास चावड़ा)। नगर पालिका फतहनगर-सनवाड़ के तत्वावधान में सोमवार, 19 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव-2026 के तहत राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय, फतहनगर के प्रांगण में विशाल धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7:15 बजे से होगी। महोत्सव को लेकर जारी पोस्टर के अनुसार इस बार एक शाम श्री आवरी माताजी के नाम विशाल भजन संध्या मुख्य आकर्षण रहेगी।

भजन संध्या में प्रसिद्ध गायक हेमंत ब्रजवासी, नितिन बागवान, संत प्रकाशदासजी महाराज, सोनू सिसोदिया एवं महेन्द्रसिंह राठौड़ अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। कार्यक्रम में हेमंत ब्रजवासी अपनी गायकी, नितिन बागवान उज्जैन महाकाल की भक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों, संत प्रकाशदासजी महाराज निरगुणी भजनों, सोनू सिसोदिया राजस्थानी भजनों तथा महेन्द्रसिंह राठौड़ मारवाड़ी भजनों के माध्यम से समां बांधेंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन विनायक जोशी करेंगे।

महोत्सव में दिल्ली की प्रसिद्ध झांकियां भी विशेष आकर्षण रहेंगी। इनमें मेहंदी माताजी, श्रीनाथजी एवं दुर्गा रूप की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए राम रसोई की व्यवस्था भी रखी गई है, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को प्रसाद एवं भोजन की सुविधा मिल सके।

नगर पालिका की ओर से समस्त नगरवासियों को दशहरा महोत्सव के साथ दुर्गाष्टमी, रामनवमी, विजयादशमी एवं दीपोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया है। आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष ममता राजेश चपलोत, उपाध्यक्ष श्रेया रौनक गर्ग तथा अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल के नेतृत्व में नगर पालिका फतहनगर-सनवाड़ द्वारा किया जा रहा है।

वहीं प्रताप चौराहा मित्र मंडल, फतहनगर की ओर से भी एक शाम श्री आवरी मातरानी के नाम भजन संध्या के आयोजन में सहभागिता का आमंत्रण दिया गया है। धार्मिक आयोजन से नगर में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बनने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *