
फतहनगर। महावीर अम्बेश गुरू महाविद्यालय, फतहनगर द्वारा विश्व एड्स दिवस जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे दिन रेड रिबन क्लब द्वारा स्लोगन लेखन, फेस पेन्टिंग जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय प्राचार्य देवेन्द्रसिंह राठौड़ ने प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों को कहा कि यह केवल एक दिवस ही नही बल्कि जागरूकता का सतत् अभियान है तथा सभी विद्यार्थियों को समाज में एड्स सम्बन्धी जागरूकता फैलाने और भ्रम को दूर करने के लिए प्रेरित किया। रेड रिबन क्लब प्रभारी रेखा मेहता के निर्देशन में प्रतिभागियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया जिसमें एड्स जागरूकता का प्रतीक लाल रिबन तथा एड्स से जुड़े जागरूकता चित्रों को खुबसुरती से उकेरा। रेड रिबन क्लब के सह प्रभारी प्रेरणा प्रजापत ने कहा कि यह फेस पेन्टिंग प्रतियोगिता न केवल कला का प्रदर्शन थी बल्कि यह विश्व एड्स दिवस पर समाज को जागरूक करने में भी सफल प्रयास था। कार्यक्रम में उपस्थित महाविद्यालय उपाचार्य डाॅ.शारदा जोशी ने प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रतिभागियो ने अपनी कला से सराहनीय पहल की है। यह लड़ाई दवाईयों से नही बल्कि जागरूकता,समझ और पीड़ित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से ही दूर की जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा निर्णायक मण्डल का गठन किया गया जिसमें रेड रिबन क्लब प्रभारी रेखा मेहता, सह प्रभारी राहुल मेनारिया, प्रेरणा प्रजापत, बद्रीलाल जाट ने प्रतिभागियो की रचनात्मकता, कलात्मकता व स्पष्टता के आधार पर विजेताओं का निर्णय किया जिसमें अंजलि तेली प्रथम, तनिषा तेली द्वितीय और प्रतिभा यादव तृतीय रही। कार्यक्रम के दौरान समस्त संकाय सदस्य व विद्यार्थियों का सहयोग रहा।
