
फतहनगर। सोमवार को नगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती की मूर्ति की पुनः स्थापना का कार्यक्रम श्रद्धा एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। पूर्व में स्थापित मूर्ति के खंडित हो जाने पर समाजसेवी सुनील सेठिया एवं उनके परिवार द्वारा पुनः नवीन मूर्ति की स्थापना की गई।
मूर्ति पूजन का कार्यक्रम पंडित मुकेश शर्मा के सान्निध्य एवं निर्देशन में विधिवत रूप से संपन्न हुआ। स्कूली बच्चों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन में आहुतियां दी।
इस अवसर पर सत्यनारायण अग्रवाल (गुलाब), छात्र-अभिभावक परिषद के अध्यक्ष शैलेष पालीवाल, पार्षद प्रतिनिधि प्रकाश देवड़ा, पार्षद हेमलता देवड़ा, विद्यालय की प्राचार्या सपना भार्गव, पार्षद गजेन्द्र सिंह रावल, पूर्व पार्षद हितेश अग्रवाल, पंचायत समिति सदस्य भोम सिंह चुंडावत, दिनेश देवपुरा, विजय माली, गोपाल वैष्णव सहित अभिभावक परिषद के सभी सदस्य, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नगरवासियों एवं छात्र-अभिभावक परिषद की ओर से सुनील सेठिया परिवार का इस पुण्य एवं सराहनीय कार्य हेतु हृदय से आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया गया।
