Home>>फतहनगर - सनवाड>>विधानसभा क्षेत्र वल्लभनगर में देरी से चल रहे सड़कों के कार्य इस माह में पूरे होना संभावित –  उप मुख्यमंत्री
फतहनगर - सनवाड

विधानसभा क्षेत्र वल्लभनगर में देरी से चल रहे सड़कों के कार्य इस माह में पूरे होना संभावित –  उप मुख्यमंत्री

 

जयपुर, 5 मार्च। उप मुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण मंत्री दिया कुमारी ने गुरूवार को विधानसभा में कहा कि विधानसभा क्षेत्र वल्लभनगर में गत 2 वर्षों में सड़कों के कुल 95 कार्यों के लिए 65 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गयी है। इनमें से 35 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 32 कार्य प्रगतिरत हैं। शेष 28 कार्यों के लिए निविदाएं प्रक्रियाधीन हैं। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में 11 कार्य देरी से चल रहे हैं। इन्हें मार्च 2026 तक पूरा किया जाना संभावित है। 

 उप मुख्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री उदयलाल डांगी द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि बजट वर्ष 2026-27 के तहत वल्लभनगर में 8 करोड़ रुपये की लागत से डबोक एनएच-48 से टांक तक सड़क निर्माण की घोषणा की गई है।

इससे पहले सदस्य श्री डांगी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि विधान सभा क्षेत्र वल्लभनगर में 86 सड़कें क्षतिग्रस्‍त एवं नॉन पेचेबल थीं। जिनमें से 43 कार्यों की स्‍वीकृति जारी की जा चुकी हैं। स्‍वीकृत कार्यों में से 17 कार्य पूर्ण हो चुके हैं एवं 11 कार्य प्रगतिरत हैं। 7 कार्यों के लिए निविदा स्‍वीकृति पत्र जारी किये जा चुके हैं। शेष 8 कार्यों की निविदाएँ 05 मार्च 2026 को प्राप्‍त की जाएंगी। उन्होंने इसका विवरण सदन के पटल पर रखा। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्‍य सरकार के द्वारा बजट घोषणा वर्ष 2026-27 में वर्तमान  सड़कों के नवीनीकरण व सुदृढ़ीकरण की आवश्‍यकता को देखते हुए नॉन पेचेबल व क्षतिग्रस्‍त सड़कों के लिए 1400.00 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। घोषणानुसार कार्यों की पारस्‍परिक प्राथमिकता के आधार पर सड़कों का चयन कर नवीनीकरण करवाया जाना प्रस्‍तावित है।  

……

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!