जयपुर। राजस्थान के हजारों मरीजों के लिए राहत की खबर है। अब गुजरात के अस्पतालों में भी राजस्थान के मरीजों को फ्री इलाज का फायदा मिलेगा। गुजरात के मान्य अस्पतालों में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (MAAY) में पंजीकृत लोगों को कैश-लेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण निर्णय से विशेष रूप से कैंसर, किडनी, हृदय आदि गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को बड़ा फायदा मिलेगा, जिन्हें गुजरात में इलाज के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने सीएम भजनलाल शर्मा को लेटर लिखकर इससे अवगत कराया था।
सांसद ने पत्र में बताया था कि राज्य के आयुष्मान कार्ड धारकों को गुजरात में निशुल्क इलाज की सुविधा मिले। सांसद ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को 20 नवंबर को पत्र लिखा था। इस पर मुख्यमंत्री शर्मा ने 12 दिसंबर को मंजूरी दे दी। सीएम की मंजूरी के बाद सरकार ने ‘आउटबाउंड पोर्टेबिलिटी’ लागू करने का निर्णय लिया है, जिसके चलते 15 दिसंबर 2025 से राजस्थान के मरीज गुजरात में आयुष्मान कार्ड से कैश-लेस इलाज प्राप्त कर सकेंगे।
