
फतहनगर। नगर में होली के उपलक्ष्य में रंग तेरस पर मंगलवार को विभिन्न मंदिरों एवं देवस्थानों पर फाग महोत्सव बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। चंगेडी रोड़़ स्थित सत्यनारायण मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। मंदिर प्रांगण और आयोजन स्थल को रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया,जिससे वातावरण पूरी तरह से होलीमय हो गया।
महोत्सव के दौरान भजन, फाग गीत और ढोल की थाप पर लोगों ने जमकर नृत्य किया। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में फाग गीत गाकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। बच्चों और युवाओं ने गुलाल उड़ाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

सायंकाल पकौड़ी के प्रसाद का भोग लगाकर महंत शिव शंकर दास द्वारा महा आरती की गई तत्पश्चात पकोड़ी का प्रसाद वितरण किया गया। इसी प्रकार से इसी वार्ड में राड़ाजी बावजी के स्थानक पर शाम को फाग महोत्सव का आयोजन कर भक्तों ने गुलाल अबीर के साथ होली खेलने का लुत्फ लिया। पुजारी दिनेश द्वारा आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। कृषि उपज मंडी समिति के समीप स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर प्रांगण में भी फाग महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बालाजी का विशिष्ट श्रृंगार किया गया। पंडित ओम प्रकाश शर्मा द्वारा महा आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। हिमालय बावजी के स्थानक पर भी भक्तों ने स्थानक को सुसज्जित कर फाग महोत्सव का आयोजन किया एवं प्रसाद का वितरण किया।

सनवाड़ चारभुजा मंदिर में भी फाग महोत्सव का आयोजन किया गया जहां लोगों ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया एवं प्रभु चारभुजा नाथ के साथ होली खेलने का आनंद लिया। प्रसाद वितरण के साथ ही उक्त कार्यक्रम संपन्न हुआ।
आयोजकों ने बताया कि फाग महोत्सव का उद्देश्य लोगों में प्रेम, भाईचारा और आपसी सद्भाव बढ़ाना है। कार्यक्रम में प्रसाद वितरण भी किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ ग्रहण किया। सभी ने एक-दूसरे को होली की बधाई देते हुए खुशहाल जीवन की कामना की। पूरा माहौल भक्ति, संगीत और रंगों से सराबोर रहा।

