Home>>फतहनगर - सनवाड>>मावली की बेटी हिमानी ने विधान सभा में निभाई नेता प्रतिपक्ष की भूमिका, सदन तालियों से गूंज उठा
फतहनगर - सनवाड

मावली की बेटी हिमानी ने विधान सभा में निभाई नेता प्रतिपक्ष की भूमिका, सदन तालियों से गूंज उठा

फतहनगर।

उदयपुर जिले की मावली तहसील के छोटे से गांव सवानिया की रहने वाली हिमानी ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। हिमानी वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लोपड़ा में कक्षा 12वीं की छात्रा है।

हिमानी का चयन जिला स्तरीय “प्रबल कार्यक्रम” के अंतर्गत हुआ था। इस कार्यक्रम के माध्यम से हिमानी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए युवा संसद में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ। प्रबल कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेष सत्र में हिमानी ने राजस्थान विधानसभा, जयपुर में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाते हुए अत्यंत प्रभावशाली एवं विचारोत्तेजक भाषण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर, RCSE निदेशक सुश्री अनुपमा जोरवाल, शिक्षा सचिव श्री कृष्ण कुणाल सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। हिमानी के ओजस्वी और तथ्यपरक उद्बोधन के दौरान विधानसभा सदन तीन बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा, जो उसके भाषण की प्रभावशीलता का प्रमाण है।

हिमानी ने अपने संबोधन में किशोर-किशोरियों के मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों, सामाजिक संवेदनशीलता तथा युवाओं की भूमिका जैसे गंभीर विषयों पर सशक्त रूप से अपनी बात रखी। उसकी स्पष्ट अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और तार्किक प्रस्तुति ने सभी उपस्थित जनों को प्रभावित किया।

हिमानी एक साधारण परिवार से आती है, किंतु उसकी प्रतिभा असाधारण है। उसने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अपने मेंटॉर शिक्षक श्रीमती माला रामावत, विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा समस्त शिक्षकों को दिया। हिमानी ने बताया कि इस पूरे कार्यक्रम के दौरान उसे अपने मेंटर शिक्षक माला रामावत द्वारा कदम-कदम पर मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा, जिसने उसे आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी बात रखने में मदद की।

हिमानी की इस उपलब्धि से न केवल उसका परिवार, बल्कि उसका विद्यालय, गांव सवानिया और पूरा मावली क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन और मंच मिले, तो वे भी राज्य और राष्ट्र स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!