
फतहनगर। महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को नगर सहित आसपास के इलाकों में शिव मंदिरों पर भोले के भक्तों का दिन भर जमावड़ा लगा रहा। नगर के सेतुबंध रामेश्वर महादेव मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर प्रांगण स्थित शिव मंदिर, इंदिरा कॉलोनी स्थित मंशापूर्ण महादेव मंदिर, पुराना बाजार के नीलकंठ महादेव मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित शिव मंदिर सहित नगर के विभिन्न शिवालयों में भोले के अभिषेक,श्रृंगार, दर्शन व भांग के प्रसाद की व्यवस्था रही। नीलकंठ महादेव मंदिर राणेरा की पाल पर चल रहे तीन दिवसीय मेले के आज दूसरे दिन काफी भीड़ रही। यहां दूर दराज के इलाकों से भी बड़ी तादाद में भोले के भक्त पहुंचे तथा भोले को प्रसाद, पुष्पमाला इत्यादि अर्पित कर भोले के दर्शन किए।

भोले के दर्शनों के लिए लंबी-लंबी कतारे लगी। समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभाली। मेले में विविध सामग्री की खरीददारी करते ग्रामीणों की भीड़ देखी गई। लोगों ने मेले में लगी दुकानों से रोजमर्रा की सामग्री सहित अन्य सामग्रियों की खरीददारी की। रात्रि को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों में भी ग्रामीणों की अच्छी खासी उपस्थिति रही। मेले के प्रथम दिन रात्रि कालीन भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भजन गायक आयुष अकोला व हर्षित लोहार ने भोले के भजनों की प्रस्तुतियां दी। वहीं डांसर पिंकी कोटा व नीलू भीलवाड़ा के मनमोहक नृत्यों ने लोगों को खूब आनंदित किया। मेले का समापन सोमवार को होगा।

