
फतहनगर। बुधवार को यहां के द्वारिकाधीश मंदिर में अन्नकूट उत्सव के आयोजन में जन सैलाब उमड़ पड़ा। परम्परागत रूप से आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम में ऐतिहासिक 65 क्विंटल सब्जी का अन्नकूट वितरित किया गया।
ठाकुरजी को धराया छप्पन भोगः दीपावली के बाद खैंखरे के अवसर पर प्रति वर्ष होने वाले इस आयोजन के तहत बुधवार को ठाकुर जी के समक्ष छप्पन भोग धराया गया। ठाकुर जी की इस अवसर पर मनोहारी झांकी सहित मंदिर की आकर्षक विद्युत सज्जा की गई। 56 प्रकार के व्यंजनों से भरे थाल ठाकुर जी के समक्ष धराए गए। मंदिर के पुजारी सत्यनारायण पालीवाल एवं कमलनयन पालीवाल ने ठाकुर जी के श्रीचरणों में सेवा अर्पित की। भोग उपरांत श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के दर्शन लिए। मंदिर प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालुओं ने अपलक ठाकुर जी की मनोहारी छवि का दर्शन लाभ लिया। मंदिर परिसर द्वारिकाधीश के जयकारों से गूंज उठा।

आदिवासी युवकों ने लूटा अन्नकूटः भील समुदाय के युवकों ने चावल और चंवले का अन्नकूट लूटा। मंदिर के मुख्य द्वार के समीप अन्नकूट का ढेर लगाया गया। मंदिर के बाहर भील समाज के युवकों ने ढोलक और थाली-मांदल की थाप पर नृत्य किया। मंदिर के कपाट खुलने पर ये युवक एक साथ अन्नकूट पर टूट पड़े तथा अपनी झोली में जिसको जितना मिला वह लेकर चलता बना। इधर पुलिस चैकी के परिसर में 65 क्विंटल के सब्जी का अन्नकूट वितरण किया गया। अन्नकूट प्राप्त करने के लिए लोग कतारों में खड़े रहे तथा बारी-बारी से अन्नकूट की सब्जी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान मेन चैराहे पर आतिशबाजी भी चली। लोगों ने 1 घंटे से भी अधिक समय तक रंगारंग आतिशबाजी का लुत्फ लिया। आतिशबाजी के दौरान पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा। द्वारिकाधीश मंदिर में अन्नकूटोत्सव के साथ ही नगर के मंदिरों पर अन्नकूट आयोजन का क्रम शुरू हो जाएगा। आगामी 30 अक्टूबर को अखाड़ा मंदिर पर आंवला नवमी के अवसर पर 61 क्विंटल सब्जी का अन्नकूट एवं छप्पनभोग होगा।

