फतहनगर। पिछले कुछ दिनों से नगर के बाहरी क्षेत्र में पैंथर का मूवमेंट देखा जा रहा है। कुछ दिनों पूर्व पैंथर गिरधारीपुरा के समीप नया बंगला के सामने देखा गया। लोगों को देखकर पैंथर खेतों में भाग गया। बुधवार को भी सनवाड़ खारियावाला के समीप स्थित एक खेत में पैंथर देखा गया। युवक साहिल मोर दो अन्य विद्युत कर्मियों के साथ बिजली के काम से खेत पर गया था जहां फाटक खोलते ही उसका सामना पैंथर से हो गया। यकायक सामने पैंथर आने पर साहिल भी हक्का-बक्का रह गया। हालांकि सामने तीन जनों को देखकर पैंथर खेतों में भाग खड़ा हुआ। इस क्षेत्र में पैंथर के मूवमेंट से लोग खौफजदा हैं। फतहनगर के रेलवे स्टेशन के समीप भी एक माह पूर्व पैंथर का मूवमेंट देखा गया था।
