
फतहनगर। नगर पालिका क्षेत्र की प्रताप नगर आवासीय योजना में वार्ड 5 में मंशापुरी गोस्वामी के मकान के सामने नालियों का गंदा पानी भरा होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में क्षेत्र वासियों ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंप कर बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से रास्ते में नालियों का गंदा पानी भरा है। नालियों का यह गंदा पानी कहीं वर्षों से कच्चे नाले के जरिए अन्यत्र जा रहा था। पिछले दिनों कच्चे नाले में भराव डालकर इस पानी को बंद कर दिया गया। पानी का निकास नहीं होने से मकानों के बाहर सड़क पर तलैया बन चुकी है। गंदा पानी न केवल बदबू दे रहा है अपितु इससे मच्छर भी पनप रहे हैं। जहरीले जीवों का खतरा पैदा हो गया है। लोगों का यहां से निकलना तक दूभर हो गया है। वाहनों,पशुओं को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। क्षेत्र वासियों ने जल्द ही गंदे पानी के निकास की व्यवस्था करवाने की मांग की है।
