
मावली। बार एसोसिएशन मावली द्वारा आज पुलिस उप अधीक्षक श्रीमती आसिमा वासवानी को ज्ञापन सौंपकर मावली क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से वाहनों पर लगाए गए “एडवोकेट/अधिवक्ता” लिखित नेम प्लेट एवं स्टिकर हटाने हेतु विशेष अभियान चलाने की मांग की गई।ज्ञापन में बताया गया कि मावली क्षेत्र में कई ऐसे वाहन संचालित हो रहे हैं जिन पर नियमों के विपरीत “एडवोकेट/अधिवक्ता” लिखी नेम प्लेट एवं स्टिकर लगाए गए हैं, जबकि संबंधित व्यक्ति अधिवक्ता नहीं हैं। इससे आमजन भ्रमित होता है तथा अधिवक्ता समुदाय की गरिमा एवं विश्वसनीयता प्रभावित होती है।बार एसोसिएशन मावली ने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया कि ऐसे सभी अनाधिकृत वाहनों को चिन्हित कर विशेष अभियान के माध्यम से उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अवैध प्रवृत्तियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।पुलिस उप अधीक्षक श्रीमती आसिमा वासवानी ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर बार एसोसिएशन मावली के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष एडवोकेट दीपक बड़गुर्जर, महासचिव एडवोकेट शैलेश मीणा सहित जसवंत राय चौहान, विकास सोनी, राकेश प्रजापत, राहुल खिची, पूरण लोहार, भागीरथ टांक, भावेश टेलर, आज़ाद सिंह, विनोद पुरी एवं अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।बार एसोसिएशन मावली ने कहा कि अधिवक्ता पद की गरिमा बनाए रखने एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु इस प्रकार की कार्यवाही अत्यंत आवश्यक है।
