
फतहनगर। नगर पालिका फतहनगर-सनवाड़ के तत्वावधान में दशहरा महोत्सव के तहत शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित लॉफ्टर व कल्चरल नाइट में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही जबकि कॉमेडी स्टार राजपाल यादव ने लोगों को निराश किया। राजपाल यादव को सुनने कार्यक्रम में बड़ी तादाद में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा लेकिन अपनी ख्याति के अनुरूप कॉमेडी स्टार राजपाल यादव दर्शकों को चिर परिचित कॉमेडी का लुत्फ नहीं दे पाए। राजपाल यादव कार्यक्रम में बहुत ही देरी से आए। राजपाल यादव की एक झलक पाने के लिए दर्शक जमे भी रहे।

मंच पर आते ही दर्शकों ने राजपाल यादव का खड़े होकर करतल ध्वनि के साथ में अगवानी एवं अभिवादन किया। मंच पर आते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। पालिका उपाध्यक्ष नितिन सेठिया ने राजपाल यादव का उपरने द्वारा स्वागत भी किया। इसके पश्चात राजपाल यादव ने अपना परिचय एवं छोटे-मोटे डायलॉग प्रस्तुत किए। यह प्रस्तुतीकरण दर्शकों पर प्रभाव नहीं छोड़ सका। इसी बीच जब राजपाल यादव के स्वागत के लिए अन्य अतिथियों को मंच पर आमंत्रित किया गया तब दर्शकों ने अपना स्थान छोड़ना शुरू कर दिया। बहुत जल्द ही काफी सारे दर्शक अपने घरों को रवाना हो गए। राजपाल यादव के मंच पर आने से पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को काफी समय तक बांधे रखा। इस कार्यक्रम में द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज फेम धारसी बरेडिया ने अपनी परफॉर्मेंस के जरिए लोगों का मनोरंजन किया। एंकर गरिमा जूनियर भारती, मिमिक्री आर्टिस्ट विजय परिहार, इंडिया गॉट टैलेंट फेम विजेंद्र रजक, मून वॉल्कर डांस ग्रुप तथा अमेरिका गॉट टैलेंट फेम वॉरियर्स स्कॉट ग्रुप की शानदार प्रस्तुतियों के बल पर यह कल्चरल एवं लॉफ्टर नाइट फ्लॉप होने से बच गई।

कार्यक्रम में राज्य के सहकारिता मंत्री गौतम दक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर,भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली, पूर्व देहात जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान, भोपालसागर प्रधान हेमेंद्र सिंह राणावत, पूर्व डेयरी अध्यक्ष गीता पटेल, अधिशासी अधिकारी छैल कुंवर चारण, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, विधानसभा संयोजक रोशन लाल सुथार,भाजपा देहात जिला उपाध्यक्ष गणपत लाल स्वर्णकार, नरेंद्रसिंह आसोलिया, दीपक शर्मा, ऐससी मोर्चा देहात जिला अध्यक्ष मुकेश खटीक, पालिका अध्यक्ष श्रीमती मंजू भील, महिला मोर्चा देहात जिला अध्यक्ष रितु अग्रवाल, पूर्व पालिका अध्यक्ष कल्याण सिंह पोखरणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेश्याम बागला सहित अन्य अतिथि मंचासीन थे। भाजपा मंडल के पदाधिकारियों एवं पार्षदों ने मंचासीन अतिथियों का पगड़ी, शॉल एवं उपरने द्वारा स्वागत किया। इसी के साथ तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव का समापन किया गया।

