
विद्यालय विकास के लिए भामाशाहों ने की घोषणाएं
फतहनगर। चंगेड़ी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ 79वां स्वतन्त्रता दिवस मनाया गया। संस्था प्रधान मोहनलाल स्वर्णकार द्वारा ध्वजारोहण एवं मार्च पास्ट की सलामी के बाद बालक-बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों ने समां बांध दिया। आॅपरेशन सिंदूर को लेकर प्रस्तुत नाटिका ने भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम की याद को ताजा कर दिया। इस नाटिका की जीवंत प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। इसी प्रकार से सोशल मिडिया के दुष्प्रभाव को लेकर भी जोरदार नाटिका का मंचन किया गया। राजस्थानी एवं देशभक्ति से परिपूर्ण एक एक कार्यक्रम को दर्शक अपलक निहारते रहे। प्रत्येक कार्यक्रम पर बच्चों को खूब दाद मिली। संस्था प्रधान स्वर्णकार द्वारा विद्यालय की शैक्षिक,सह शैक्षिक एवं भौतिक उपलब्धियों को पटल पर रखा गया जिससे प्रेरित होकर कई भामाशाहों ने राशि की घोषणाएं की। इन भामाशाहों का मौके पर ही संस्था प्रधान एवं अतिथियों के द्वारा उपरने द्वारा स्वागत किया गया। बोर्ड परीक्षा की प्रतिभावान बालिकाओं को संस्था प्रधान स्वर्णकार,खुशनुमा बानो एवं जगदीशसिंह राव की ओर से नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में किशनलाल धोलिया मुख्य अतिथि थे जबकि भगवानलाल जाट,सरपंच श्रीमती सुमित्रा देवी जाट,मोहनलाल जाट,गौत्तमलाल शर्मा,पंचायत समिति सदस्य भोमसिंह चुण्डावत,माधवलाल गाडरी, विधायक प्रतिनिधि हीरालाल जाट,गोवर्धनसिंह रावत आदि बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थे। किशनलाल धोलिया की ओर से बच्चों को भोज दिया गया। मार्च पास्ट एवं पीटी प्रदर्शन शारीरिक शिक्षक प्रभूलाल रेगर के निर्देशन में किया गया। आभार उप प्रधानाचार्य श्रीमती खुशनुमा बानो ने व्यक्त किया जबकि संचालन जगदीशसिंह राव ने किया।

